Shahjahanpur News:छोटी दिवाली पर 15 हजार दीयों से जगमगाएगा हनुमतधाम – Hanumatdham Will Be Illuminated With 15,000 Earthen Lamps On Chhoti Diwali
शाहजहांपुर। छोटी दीपावली पर हनुमतधाम 15 हजार दीयों की रोशनी से जगमगाएगा। नगर निगम की ओर से दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शनिवार को हनुमतधाम पर रंगोली बनाई जाएगी। कार्यक्रम में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना समेत जिले के अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन को लेकर हनुमतधाम और उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
दीपावली पर शहर को रोशनी से सजाने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमतधाम पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम के कर्मचारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।
नगर आयुक्त सौम्य गुरुरानी ने बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले और बाद में विशेष सफाई कराई जाएगी।
महापौर ने सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
महापौर अर्चना वर्मा ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थलों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा उठान और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छ वातावरण बना रहे।
