Fatehpur News:दिवाली पर झुलसने वालों के इलाज के लिए चार बेड का बर्न वार्ड तैयार – Four-bed Burn Ward Ready For The Treatment Of Those Sustaining Burn Injuries During Diwali
फतेहपुर। दिवाली पर आतिशबाजी और आगजनी की घटनाओं में झुलसने वाले मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल ने विशेष इंतजाम किए हैं। महिला वार्ड के प्रथम तल पर चार बेड का अस्थायी बर्न वार्ड तैयार किया गया है। यहां गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाएगा।
बर्न वार्ड में डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही जरूरी दवाओं और उपचार सामग्री का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया गया है। पांच से अधिक पैरामेडिकल कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती रहेगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।
सीएमएस डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि दिवाली को देखते हुए बर्न वार्ड तैयार किया गया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। झुलसे मरीजों के उपचार में कोई परेशानी न हो, इसके लिए दवाओं और जरूरी संसाधनों का पर्याप्त इंतजाम किया गया है।
