Pilibhit News:मारपीट के छह मामलों में 13 लोग घायल – 13 Injured In Six Cases Of Assault
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के छह गांवों में बीते 24 घंटे के दौरान मारपीट की छह घटनाएं हुईं, जिनमें 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार चल रहा है।
गांव परासी रामकिशन में बृहस्पतिवार को बच्चों के विवाद में अमित कुमार और उनकी मां रानी देवी घायल हो गईं। गुलैंदा में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने नितिन वर्मा को लाठी मारकर घायल कर दिया। रोहनिया में शुक्रवार सुबह रंजिश को लेकर हुई मारपीट में वीरेंद्र कुमार, सुखलाल की पत्नी सावित्री देवी और राजेंद्र कुमार घायल हुए। अटकोना में शुक्रवार दोपहर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में मनोहर लाल, अरविंद कुमार, पातीराम और सुनील कुमार घायल हो गए। कनगवां में लेनदेन के विवाद में एक व्यक्ति ने संजीव कुमार को लाठी मार दी। वहीं, जसौली दिवाली में गाली देने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने नंदकिशोर को पीटकर घायल कर दिया।
घायलों ने हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। सीएचसी के डॉ. अमित कुमार ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संवाद
