बिहार:बाबा धाम से लौट रही स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकराई, दो की मौत; तीन गंभीर – Horrific Road Accident Near Nuaon, Two Scorpio Riders Killed, Three Seriously Injured
बिहार के बक्सर जिले में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के समीप कुटी डेरा के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच लोग बाबा धाम से दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सड़क किनारे खड़े टैंकर और मिक्सर मशीन से टकराई स्कॉर्पियो
मिली जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे। सभी बाबा धाम में दर्शन करने के बाद लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान नुआंव गांव के पास कुटी डेरा के समीप उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर और मिक्सर मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की हालत नाजुक, पहचान नहीं हो सकी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति इतनी नाजुक है कि वे कुछ बोलने की हालत में नहीं हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद ही सभी की पहचान स्पष्ट हो पाएगी।
चालक को झपकी आने की आशंका, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के बीच हादसे को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से टकरा गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
वहीं, सड़क किनारे पानी के टैंकर और मिक्सर मशीन जैसे भारी वाहनों को खड़ा करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह सड़क किनारे भारी वाहन खड़े रहने से दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा होता है। ऐसी लापरवाही राहगीरों की जान पर भारी पड़ सकती है।
