बिहार:तेज रफ्तार ट्रक ने दो सगे नाबालिग भाइयों को कुचला, एक की मौत एक गंभीर; लोगों ने किया सड़क जाम – Muzaffarpur Bihar News : Speeding Truck Ran Over Two Brothers One Died Other Critical People Blocked Road
मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया। इस हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
यह घटना देवरिया थाना क्षेत्र के देवरिया पेट्रोल पंप के पास हुई। सड़क हादसे में मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के रेपुरा गांव निवासी सुमन कुमार साह के 10 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। वहीं, उसका छह वर्षीय भाई सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज पास के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं, मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने ननिहाल में रहता था और वहीं पढ़ाई करता था।
क्या है पूरा मामला?
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे एक ही साइकिल से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इस दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतक की दादी ने बताया कि दोनों भाई अपने ननिहाल में रहते थे। आज बेटी ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रक ने दोनों बच्चों को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया, जिससे एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पोते की मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- बिहार: प्रदेश में नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई, बस से 10 किलो चरस बरामद; डीआरआई खंगाल रही नेटवर्क
पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया
घटना को लेकर देवरिया थाने की पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
