शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पलवल

Palwal News:53.22 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार – Two Youths Arrested With 53.22 Grams Of Heroin

November 7, 2026


पुन्हाना। एएनसी साउथ रेंज रेवाड़ी की टीम ने सिंगार गांव में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तिरवाड़ा मोड़ पर बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत 10 लाख 64 हजार 400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर को बिछौर थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि निसार उर्फ लंगड़ा निवासी मूसा और साहिद खान निवासी जान मोहम्मद हेरोइन बेचने का काम करते हैं। दोनों तिरवाड़ा मोड़ पर बाइक पर सवार होकर चिट्टा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दोनों युवकों को काबू कर लिया।

पुलिस ने नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया। तलाशी के दौरान निसार उर्फ लंगड़ा की जेब से हेरोइन बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर इसका कुल वजन 53.22 ग्राम मिला। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर सील कर दिया। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है।

बिछौर थाना पुलिस ने निसार उर्फ लंगड़ा और साहिद खान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी इंद्रजीत का कहना है कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से तीन दिन रिमांड पर दिया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इसके स्रोत का पता किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X