शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महोबा

Mahoba News:घुटई में 1.71 लाख के फर्जी भुगतान पर ग्राम प्रशासक व सचिव को नोटिस – Notice To The Village Administrator And Secretary On Fake Payment Of Rs 1.71 Lakh In Ghutai

November 7, 2026


महोबा। ब्लॉक पनवाड़ी की ग्राम पंचायत घुटई में सीसी सड़क समेत अन्य निर्माण कार्यों में अनियमितता के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम प्रशासक व पंचायत सचिव को नोटिस जारी किए हैं। जांच में करीब 1.71 लाख रुपये का फर्जी भुगतान किए जाने के आरोप सही पाए गए हैं। डीपीआरओ ने प्रशासक को एक सप्ताह और सचिव को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद रिकवरी व निलंबन समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।

माह सितंबर में घुटई गांव के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों में धांधली की शिकायत की थी। आरोप था कि ग्राम प्रशासक ने सीसी सड़क निर्माण समेत अन्य कार्यों में मजदूरी का भुगतान अपने परिजनों के नाम करा दिया। मंटीलाल के बाड़े से छिन्ना तालाब तक सीसी सड़क का निर्माण भी अधूरा छोड़ दिया गया जबकि इसके नाम पर भुगतान निकाल लिया गया। इसके अलावा अन्य निर्माण कार्यों में भी मनमानी किए जाने की शिकायत की गई थी।

ग्रामीणों की शिकायत पर डीपीआरओ चंद्रकिशोर वर्मा ने माह अक्तूबर में गांव पहुंचकर मामले की जांच की थी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और निर्माण कार्यों का सत्यापन किया। जांच में ग्रामीणों के आरोप सही पाए गए। सामने आया कि ग्राम पंचायत प्रशासक ने अपनी पत्नी, भाई व अन्य परिजनों के नाम पर मजदूरी का भुगतान निकाला था। जांच में करीब 1,71,830 रुपये का फर्जी तरीके से भुगतान किए जाने का मामला सामने आया। उधर, डीपीआरओ ने बताया कि मामले में ग्राम प्रशासक मनोज और सचिव रामआसरे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार रिकवरी व निलंबन समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X