Bhadohi News:परंपरागत तरीके से मनाया गया हनुमान जी का जन्मोत्सव – Hanuman’s Birth Anniversary Celebrated In Traditional Manner
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर दीपावली की पूर्व संध्या यानी शनिवार को हनुमान जी का जन्मोत्सव परंपरागत तरीके से मनाया गया। छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी के दिन हर साल यह उत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर जिले के विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में इस दिन जन्मोत्सव पर विशेष पूजन-अर्चन की परंपरा है। इसी परंपरा के अनुरूप जिले के हनुमान मंदिरों में भी बजरंगबली की पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की आराधना के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। मान्यता है कि इससे भक्तों को संकटों का सामना करने की शक्ति मिलती है। यही वजह है कि दीपावली की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं ने शाम को मंदिरों में पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।
आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि हनुमान जी का जन्मोत्सव देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तिथियों पर मनाया जाता है। उत्तर भारत में चैत्र मास की पूर्णिमा को हनुमान जयंती मनाने की परंपरा है, जबकि कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भी हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता है।
