Kullu News:जमीन के साथ आसमान में भी हवा पर रहेगा पहरा – The Air, Just Like The Ground, Will Be Under Surveillance
कुल्लू। दिवाली पर आतिशबाजी के धुएं और तेज आवाज से पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर इस बार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की पैनी नजर रहेगी। पटाखों से वायु और ध्वनि प्रदूषण के स्तर में होने वाले बदलाव का पता लगाने के लिए बोर्ड ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है। इसके तहत दिवाली से पहले और त्योहार के बाद जिले में हवा की गुणवत्ता और ध्वनि प्रदूषण की जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया 14 नवंबर तक चलेगी। इसके जरिये आतिशबाजी से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जाएगा। यानी दिवाली पर जमीन से लेकर आसमान तक प्रदूषण की निगरानी होगी।
इसके अलावा पटाखों की बिक्री पर नियंत्रण रखने के लिए कुल्लू, मनाली, बंजार और आनी में उपमंडल स्तर पर चार कमेटियां गठित की गई हैं। ये कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के स्टॉलों का औचक निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित नियमों के तहत ही पटाखों की बिक्री हो और प्रतिबंधित पटाखे बाजार में न बिकें। ग्रीन पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर रहेगा।
वहीं, आग लगने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों की टीमें बाजारों में पटाखों के स्टॉलों की जांच करेंगी और नियमों की अवहेलना पाए जाने पर कार्रवाई करेंगी। बोर्ड का उद्देश्य आतिशबाजी से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ ही त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है।
….
दिवाली के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण की विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। एक से 14 नवंबर तक प्रदूषण के स्तर की निगरानी होगी। दिवाली से पहले और बाद के आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन कर आतिशबाजी से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जाएगा। उपमंडल स्तर पर गठित कमेटियां पटाखों के स्टॉलों और संवेदनशील क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। इस दौरान ग्रीन पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-सुनील शर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कुल्लू
000
