शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बनारस के रंग में रंगी नीदरलैंड की महिला, पानीपुरी से लेकर मलइयो तक का चखा स्वाद, मणिकर्णिका घाट ने कर दिया भावुक!
वायरल

बनारस के रंग में रंगी नीदरलैंड की महिला, पानीपुरी से लेकर मलइयो तक का चखा स्वाद, मणिकर्णिका घाट ने कर दिया भावुक!

November 8, 2026


दुनिया में कुछ शहर ऐसे होते हैं, जिन्हें सिर्फ देखा नहीं, बल्कि महसूस किया जाता है. भारत का बनारस भी ऐसा ही एक शहर है. यहां की गलियों में जिंदगी की हलचल है, घाटों पर आस्था का सैलाब नजर आता है और हर मोड़ पर कोई न कोई कहानी मिल जाती है. यही वजह है कि विदेश से आने वाले पर्यटक भी इस शहर के रंग में रंग जाते हैं. हाल ही में डच यूट्यूबर मार्टा (Gypsy in Sneakers) बनारस पहुंचीं, जहां उन्हें कुछ ऐसे अनुभव हुए, जिन्हें वह शायद लंबे समय तक याद रखेंगी. नेपाल की थका देने वाली यात्रा के बाद काशी की गलियों और घाटों में घूमते हुए उन्होंने यहां की संस्कृति, खानपान और लोगों के व्यवहार को करीब से देखा. लेकिन मणिकर्णिका घाट पर जीवन और मृत्यु का अनोखा मेल देखकर वह सबसे ज्यादा भावुक हो गईं.

बनारस पहुंचने के बाद मार्टा ने सबसे पहले यहां के घाटों और उनसे जुड़ी परंपराओं को समझने की कोशिश की. मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर उन्होंने एक ऐसा दृश्य देखा, जो उनके लिए बिल्कुल नया था. एक तरफ चिताएं जल रही थीं, वहीं दूसरी ओर लोग गंगा में स्नान कर रहे थे, बच्चे खेल रहे थे और श्रद्धालु अपनी आस्था में लीन थे. अघोरी साधु भी शरीर पर भस्म लगाए साधना करते दिखाई दिए. मार्टा के लिए यह नजारा भावुक करने वाला था. उन्होंने महसूस किया कि बनारस में जीवन और मृत्यु एक-दूसरे से अलग नहीं, बल्कि एक ही अनुभव के दो पहलू की तरह नजर आते हैं. यहां लोग मृत्यु को भी एक अलग नजरिए से देखते हैं. इसी अनुभव ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने बनारस को ‘सिटी ऑफ डेथ’ के रूप में अनुभव किया, लेकिन यहां की वास्तविकता इससे कहीं ज्यादा गहरी लगी. उनके मुताबिक, काशी आकर उन्हें जिंदगी के बारे में एक अलग समझ मिली.

पानीपुरी और मलइयो ने जीता दिल
बनारस की यात्रा हो और यहां के खानपान का स्वाद न लिया जाए, ऐसा भला कैसे हो सकता है. मार्टा ने शहर की तंग गलियों में घूमते हुए यहां के मशहूर स्ट्रीट फूड का भी आनंद लिया. गलियों में लोगों की चहल-पहल, दुकानों से आती खाने की खुशबू और सड़कों पर घूमती गायों ने उन्हें शहर के खास माहौल से रूबरू कराया. इस दौरान उन्होंने सबसे पहले बनारस की मशहूर पानीपुरी यानी गोलगप्पे खाए. इसका स्वाद उन्हें काफी पसंद आया और उन्होंने इसे 10 में से 8.5 अंक दिए. इसके बाद बारी आई मिट्टी के कुल्हड़ में मिलने वाली गाढ़ी और मलाईदार लस्सी की. इसका स्वाद मार्टा को इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे पूरे 10 अंक दे दिए. सर्दियों में मिलने वाले बनारस के खास पकवान ‘मलइयो’ को चखना भी उनके लिए यादगार अनुभव रहा. उन्होंने इसे शहर के सबसे लाजवाब स्वादों में से एक बताया. इस तरह बनारस के खानपान ने भी उनकी यात्रा को खास बना दिया.
स्थानीय लोगों का अपनापन देख हुईं प्रभावित
किसी भी शहर को यादगार बनाने में वहां के लोगों की बड़ी भूमिका होती है. मार्टा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. बनारस की गलियों में घूमते समय उन्हें स्थानीय लोगों का मिलनसार व्यवहार देखने को मिला. अनजान होने के बावजूद लोग उनसे मुस्कुराकर बात कर रहे थे, तस्वीरें खिंचवा रहे थे और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद भी कर रहे थे. इसके अलावा मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखकर भी वह काफी प्रभावित हुईं. कई लोग मीलों लंबी कतारों में नंगे पैर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. उनकी आस्था और धैर्य ने मार्टा का ध्यान खींचा. उनके लिए यह समझना भी खास अनुभव था कि बनारस में धर्म और परंपराएं लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का कितना अहम हिस्सा हैं. मार्टा ने महसूस किया कि बनारस केवल घूमने-फिरने या ऐतिहासिक इमारतें देखने की जगह नहीं है. यहां का माहौल, लोगों का व्यवहार, खानपान और धार्मिक परंपराएं मिलकर एक अलग अनुभव देते हैं. उन्होंने इस शहर को ऐसा स्थान बताया, जो इंसान की सभी इंद्रियों को जगा देता है और दिल में अपनी खास जगह बना लेता है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने भी जमकर की तारीफ
मार्टा का यह वीडियो यूट्यूब पर दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है. वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में बनारस की संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिक महत्व को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने लिखा कि वाराणसी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की अमर आत्मा है. यहां का हर घाट अपनी एक अलग कहानी कहता है और गंगा किनारे जीवन तथा मृत्यु आध्यात्मिक सद्भाव के साथ मौजूद हैं. वहीं, दूसरे यूजर ने इतिहासकार मार्क ट्वेन के मशहूर कथन का जिक्र करते हुए लिखा कि बनारस इतिहास, परंपराओं और किंवदंतियों से भी कहीं अधिक प्राचीन है. नीदरलैंड घूमकर आए वाराणसी के एक स्थानीय निवासी ने भी अपना अनुभव साझा किया और बताया कि इस शहर में पूरी दुनिया सिमटी हुई महसूस होती है. दूसरी ओर, एक यूजर ने लिखा कि बाबा विश्वनाथ और माता पार्वती की यह नगरी केवल मृत्यु का शहर नहीं, बल्कि जन्म, पुनर्जन्म और मुक्ति का पावन धाम है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X