Yamuna Nagar News:खिलाड़ियों को जिम उपलब्ध कराने की योजना – Plan To Provide A Gym For Players
जगाधरी। तेजली खेल परिसर में चल रही आवासीय फुटबॉल अकादमी में रह रहे खिलाड़ियों को जल्द ही बेहतरीन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसी कड़ी में खिलाड़ियों को जिम उपलब्ध कराने योजना है।
जिला खेल विभाग की ओर से अकादमी में खिलाड़ियों की दिनचर्या को बेहतर बनाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत अकादमी में बड़ी एलईडी लगाई जाएगी। इसके अलावा खाली समय के सदुपयोग के लिए टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज जैसे इंडोर खेलों की व्यवस्था भी की जाएगी। सुविधाओं के विस्तार के लिए निदेशालय को मांग भेजी गई है।
तेजली खेल परिसर में खेल विभाग और जिला फुटबॉल संघ की ओर से आवासीय फुटबॉल अकादमी संचालित की जा रही है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 25 खिलाड़ी रहकर फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। अकादमी में खिलाड़ियों को रहने, खाने और खेल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
विभाग की योजना केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि अकादमी के आवासीय माहौल को भी बेहतर बनाने की है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ पढ़ाई, मनोरंजन और अन्य जरूरी गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। सुविधाओं के विस्तार से खिलाड़ियों को अकादमी में ही बेहतर माहौल मिल सकेगा और उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बाहर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अकादमी में मनोरंजन के लिए टीवी, जिम व अन्य सुविधाओं की मांग निदेशालय से की गई है। बजट मिलने पर सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। – शिल्पा गुप्ता, जिला खेल अधिकारी।
