शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:जहां पशुओं की खुशहाली के लिए दूध की नदी बहा देते हैं किसान, सदियों पुरानी आस्था आज भी कायम – Devpura’s Barakhamba Fair: A River Of Milk Flows For The Health And Prosperity Of Cattle
सीहोर

सीहोर:जहां पशुओं की खुशहाली के लिए दूध की नदी बहा देते हैं किसान, सदियों पुरानी आस्था आज भी कायम – Devpura’s Barakhamba Fair: A River Of Milk Flows For The Health And Prosperity Of Cattle

November 8, 2026


दीपावली की जगमगाहट के बीच जब पूरा देश सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करता है, तब सीहोर जिले के देवपुरा गांव में आस्था का एक ऐसा दृश्य दिखाई देता है, जो भारतीय संस्कृति की संवेदनशीलता और पशुधन के प्रति प्रेम को जीवंत कर देता है। यहां दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर पशुपालक अपने पशुओं की सलामती और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर बारह खंभा देवस्थान पहुंचते हैं। दूध से देवशिला का अभिषेक करते हुए श्रद्धालुओं की आस्था ऐसी उमड़ती है कि मंदिर के पीछे दूध की धारा बहने लगती है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी हजारों-लाखों लोगों को अपनी ओर खींचती है।

पशुधन की सलामती के लिए दूध की धारा

इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में दीपावली के दूसरे दिन लगने वाला बारह खंभा मेला मध्य क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। इस बार 9 नवंबर को पड़वा के अवसर पर मेले का आयोजन होगा। सुबह से ही पशुपालकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। किसान अपने घरों से दूध लेकर आते हैं और बारह खंभा देव महाराज की देवशिला पर अर्पित करते हैं। मान्यता है कि इस पूजा से उनके पशु सालभर स्वस्थ और निरोगी रहते हैं।

ये भी पढ़ें- 50 से अधिक बोरिंग के पानी में मिले हानिकारक ई-कोलाई बैक्टीरिया, एनजीटी ने नगर निगम को दिए सख्त निर्देश

दूध अर्पित करने की अनूठी परंपरा

इस मेले की सबसे खास बात यह है कि पशुपालक अपने दुधारू पशुओं का एक दिन का दूध देवशिला को समर्पित करते हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने पशुधन के प्रति प्रेम, विश्वास और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। दूध अर्पित करने के बाद जब यह मंदिर के पीछे से बहकर नहर जैसी धारा का रूप ले लेता है, तो पूरा दृश्य लोगों को भावविभोर कर देता है। श्रद्धालु इसे आस्था का प्रतीक मानते हैं और बहती दूध की धारा को प्रसाद स्वरूप ग्रहण करते हैं।

पशु बीमार हो तो देव महाराज के नाम का धागा

क्षेत्र के किसान रामबाबू वर्मा और रामेश्वर राठौर बताते हैं कि वे वर्षों से बारह खंभा देवस्थान पर दूध अर्पित करने आ रहे हैं। ग्रामीणों में यह मान्यता भी प्रचलित है कि यदि किसी किसान का दुधारू पशु बीमार हो जाए तो बारह खंभा देव महाराज के नाम का धागा पशु के गले में बांधने से उसे राहत मिलती है। इसी विश्वास के चलते पशुपालक हर साल पड़वा पर यहां पहुंचकर अपने पशुओं के स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और आज भी ग्रामीण जीवन में गहरी आस्था के साथ जुड़ी हुई है।

12 शिला स्तंभों से पड़ा बारह खंभा नाम

इछावर से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम देवपुरा में स्थित इस देवस्थान का इतिहास भी लोक आस्था से जुड़ा है। यहां जनजातीय समुदाय के आराध्य देव की देवशिला स्थापित है। कहा जाता है कि प्राचीन समय में यह शिला 12 स्तंभों से बनी छत के नीचे विराजमान थी। इसी कारण स्थान का नाम बारह खंभा पड़ा। आज भी यह देवस्थान आसपास के गांवों के लोगों के लिए श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। यहां सभी वर्गों के श्रद्धालु पहुंचते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं।

किसान की पीड़ा से शुरू हुई दूध चढ़ाने की परंपरा

बारह खंभा मेले को लेकर क्षेत्र में एक प्राचीन लोककथा प्रचलित है। कहा जाता है कि एक किसान के पशु लगातार बीमार पड़ रहे थे और उनकी मृत्यु हो रही थी। परेशान किसान को जंगल में एक ग्वाला मिला। उसने किसान को बारह खंभा देवस्थान की देवशिला पर पड़वा के दिन दूध चढ़ाने की सलाह दी और पशुओं के स्वस्थ रहने की कामना करने को कहा। किसान ने यह बात गांव के लोगों को बताई। इसके बाद दीपावली के दूसरे दिन दूध चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई और धीरे-धीरे यह आयोजन विशाल मेले में बदल गया।

आस्था, संस्कृति और पशुप्रेम का संगम

बारह खंभा मेला भारतीय ग्रामीण संस्कृति की उस भावना को दर्शाता है, जिसमें पशुधन को परिवार का अभिन्न हिस्सा माना जाता है। यहां की परंपरा केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के जीवन, उनकी मेहनत और पशुओं के प्रति संवेदना से जुड़ी है। दीपावली के उल्लास के बीच देवपुरा में बहती दूध की धारा आस्था, विश्वास और सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत की अनुपम छटा बिखेरती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X