Mahoba News:संतान न होने पर पति करता था प्रताड़ित, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप – Husband Used To Harass Wife Over Lack Of Children; Her Family Alleges Murder
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा मोहल्ले में महिला के फंदे पर लटकने के मामले में रविवार को कन्नौज से आए मायके पक्ष ने सुसराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने पति पर 18 साल बाद भी संतान न होने का ताना देकर मारपीट करने की बात कही। साथ ही जबरन शराब पिलाकर प्रताड़ित करने का दावा भी किया है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला चांद बेहटा निवासी मनोरमा (41) का शव शनिवार को कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला था। उस समय घर में मौजूद गोद ली गई ऊपर कमरे में बेटी अवन्या नहाने के लिए जा रही थी। दरवाजा अंदर से बंद मिला तो उसने अपनी बुआ शिल्पी को बुलाया। दरवाजा खुलने पर मनोरमा फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुसराल वालों ने महिला के शराब के नशे में फंदा लगाकर जान देने की बात कही है।
महिला के मौत की जानकारी परिजनों ने महिला के मायके कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ निवासी परिजनों को दी। रविवार को मोर्चरी में मृतका मनोरमा की मां रन्नो देवी ने आरोप लगाया कि शादी के 18 साल बाद भी संतान न होने पर पति ओमेंद्र उनकी बेटी को लगातार ताने देता था। उसके साथ मारपीट करता था और जबरन शराब पिलाकर प्रताड़ित करता था।
रन्नो देवी का आरोप है कि ससुराल वालों ने षड़यंत्र कर मनोरमा की हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके पक्ष की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
