Patiala News:टिप्पर की टक्कर से स्कूली बस पेड़ से टकराई, चार घायल – School Bus Hits Tree After Collision With Tipper Truck; Four Injured
समाना-पटियाला रोड पर गांव फतेहपुर के पास हादसा, दो छात्राओं और बस चालक समेत चार अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। समाना-पटियाला रोड पर गांव फतेहपुर के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार टिप्पर ने स्कूली बच्चों से भरी बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस चालक हरविंदर सिंह, 12वीं की छात्रा नवनीत कौर, पहली कक्षा की छात्रा निमरत कौर और जीप चालक गुरजीत सिंह घायल हो गए। बस में सवार कुछ अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायलों को समाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी से भरा टिप्पर लिंक रोड से मुख्य सड़क पर आया और बस को टक्कर मार दी। बस चालक ने वाहन को कच्चे रास्ते की ओर उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। टक्कर की चपेट में एक जीप भी आ गई। बस चालक और जीप चालक को टांके लगाए गए हैं।
हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस प्रमुख जसविंदर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
