भाई-बहन के अगाध स्नेह का प्रतीक भाई दूज और कलम-दवात के आराध्य भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मंगलवार को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस पावन तिथि पर बहन के घर जाकर आतिथ्य स्वीकार करने और भोजन ग्रहण करने से अकाल मृत्यु का संकट टलता है तथा भाई-बहन के एक साथ यमुना स्नान करने से यमभय का निवारण होता है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 12:36 बजे आरंभ होकर अगले दिन 11 नवंबर को दोपहर 1:59 बजे तक रहेगी। शास्त्रसम्मत नियमों के तहत भाई दूज, यम द्वितीया और चित्रगुप्त पूजन पूर्वविद्धा तथा मध्याह्न-अपराह्न व्यापिनी तिथि में संपन्न करने की परंपरा है। इसी आधार पर ये सभी धार्मिक अनुष्ठान 10 नवंबर, मंगलवार को ही आयोजित किए जाएंगे।