Fatehabad News:दिवाली पर सुरक्षा के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और अस्पताल अलर्ट – Police, Fire Brigade, And Hospitals On Alert For Safety During Diwali
फतेहाबाद। दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और पटाखों से आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस व प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट रहेगा। अस्पताल प्रशासन ने भी आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। आपातकालीन वार्ड 24 घंटे खुला रहेगा और प्रत्येक शिफ्ट में दो मेडिकल ऑफिसर तैनात रहेंगे।
बाजारों में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने जिले में 138 कर्मचारियों की तैनाती की है। बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कार पार्किंग से जवाहर चौक तक बैरिकेड लगाए हैं।
बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के इंतजाम किए गए हैं ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने। आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें प्रमुख स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तैनात रहेंगी। फिलहाल 138 कर्मचारी तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के लिए टीमें तैयार रहेंगी।
एफएसओ सचिन कुमार ने बताया कि ओसीएफ के सात स्थानों पर अस्थायी पटाखा स्टॉलों के लिए अग्निशमन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दिवाली पर बाइक फायर ब्रिगेड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिले के सभी अग्निशमन कर्मचारियों की 12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।
एसएमओ डॉ. सुभाष ने बताया कि दिवाली पर अस्पताल प्रशासन को अलर्ट रखा गया है। आपातकालीन वार्ड 24 घंटे खुला रहेगा। प्रत्येक शिफ्ट में दो-दो मेडिकल ऑफिसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सभी विशेषज्ञ चिकित्सक ऑन कॉल रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सक तुरंत अस्पताल पहुंचेंगे।
बाजारों में सात करोड़ के कारोबार का अनुमान
दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। थाना रोड, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक और अग्रसेन चौक पर सुबह से देर शाम तक रौनक रही। लोगों ने पूजन सामग्री, दीये, बंदनवार और सजावटी सामान खरीदे। मिठाइयों, कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स और सराफा बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। बाजारों में खरीदारी के चलते शनिवार को करीब सात करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
मिठाइयों और ड्राईफ्रूट की बढ़ी मांग
दिवाली पर मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। इस बार काजू की बर्फी और ड्राईफ्रूट वाली मिठाइयों की मांग अधिक रही। पैकिंग में मिलने वाली ब्रांडेड मिठाइयां भी लोगों ने पसंद कीं। मिठाई विक्रेता कालूराम ने बताया कि काजू की बर्फी 1100 रुपये और कलाकंद 600 रुपये किलो और बर्फी 500 से 500 रुपये प्रति किलो बिक रही है। पिछले साल की तुलना में इस बार ड्राईफ्रूट और मिठाइयों के दाम करीब दस प्रतिशत बढ़े हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी खरीदारी
त्योहार पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। लोगों ने फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी, एलसीडी, एसी और माइक्रोवेव खरीदे। जीएसटी में कमी और कंपनियों के ऑफर का भी ग्राहकों को लाभ मिला। व्यापारी साहिल कुमार ने बताया कि जिले में इलेक्ट्रॉनिक्स की करीब 200 दुकानें हैं। इस बार करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
सजावटी सामान और आभूषणों की खरीदारी
घर सजाने और उपहार देने के लिए लोगों ने फाउंटेन, गणेशजी की मूर्तियां, फ्लोर लैंप, सीनरी, फ्लावर पॉट, कैंडल स्टैंड और सजावटी दीये खरीदे। फाउंटेन एक हजार से दस हजार रुपये तक और फ्लोर लैंप एक से दो हजार रुपये तक में उपलब्ध रहे। सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों, चांदी के डॉलर, आभूषणों और बर्तनों की खरीदारी हुई। व्यापारी विनोद सराफ ने बताया कि लोगों ने त्योहार के साथ निवेश के उद्देश्य से भी सोने-चांदी के सामान खरीदे।
बच्चों से बड़ों तक ने खरीदे नए कपड़े
दिवाली पर रेडिमेड कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने नए कपड़े खरीदे। पार्टी वीयर कपड़ों की मांग सबसे अधिक रही। दुकानदार सोनू ने बताया कि बच्चों ने जींस, शर्ट, टॉप और टी-शर्ट पसंद किए। वहीं बड़ों ने कुर्ता-पायजामा खरीदे।
शाम 5:54 से 7:50 बजे तक शुभ मुहूर्त
पंडित जयवीर शर्मा ने बताया कि दिवाली पूजन का शुभ मुहूर्त रविवार शाम 5 बजकर 54 मिनट से रात 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा।
