शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मामूली विवाद में बहा खून:नीमच में भाजपा नेता के बेटे की हत्या, तीन घायल; इलाके में फैला भारी आक्रोश – Neemuch Bjp Leader Son Ishaan Chaurasia Murder Cafe Attack Three Injured
नीमच

मामूली विवाद में बहा खून:नीमच में भाजपा नेता के बेटे की हत्या, तीन घायल; इलाके में फैला भारी आक्रोश – Neemuch Bjp Leader Son Ishaan Chaurasia Murder Cafe Attack Three Injured

November 9, 2026


neemuch bjp leader son ishaan chaurasia murder cafe attack three injured

नीमच में भाजपा नेता के बेेटे की हत्या

विस्तार

नीमच शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन स्थित भरभड़िया चौराहा के पास एक कैफे पर बीती रात मामूली विवाद ने भयानक खूनी मोड़ ले लिया। कैफे पर हुए हिंसक हमले में नीमच सिटी निवासी भाजपा नेता मनीष चौरसिया के 26 वर्षीय बेटे ईशान चौरसिया की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे नीमच सिटी क्षेत्र में सन्नाटा और भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात भरभड़िया चौराहे पर स्थित कैफे पर युवाओं के दो पक्षों के बीच अचानक कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और जानलेवा मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत मेडिकल परीक्षण व इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। अस्पताल में इलाज के दौरान अचानक ईशान चौरसिया की हालत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

ये भी पढ़ें- एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें

कैफे बना गुंडागर्दी का अड्डा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि फोरलेन स्थित यह कैफे लंबे समय से असामाजिक तत्वों और मनचलों का अड्डा बना हुआ है। शाम ढलते ही यहां युवाओं का जमावड़ा लगता है और आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं। यह इलाका नीमच सिटी और कैंट—दोनों थानों की सीमा के मुहाने पर पड़ता है। दोनों थानों की सीमा का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ घूमते हैं। पूर्व में भी हाईवे पर इसी जगह जमकर खूनी झड़प हो चुकी है, लेकिन पुलिस प्रशासन की ढिलाई के कारण बीती रात एक मासूम युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जिला अस्पताल पहुंचे विधायक परिहार, हमलावरों की तलाश तेज

घटना की खबर फैलते ही देर रात जिला अस्पताल के पीएम हाउस पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार भी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने पुलिस प्रशासन को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल कैंट और नीमच सिटी पुलिस की संयुक्त टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और हमलावरों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। शहर में तनाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X