Tehri News:घनसाली और चमियाला नगर में खराब पड़ी हैं स्ट्रीट लाइट – Street Lights Are Out Of Order In Ghansali And Chamiyala Nagar
घनसाली (टिहरी)। प्रकाश पर्व दीपावली पर नगर क्षेत्र रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन हो रही है लेकिन घनसाली और चमियाला नगर पंचायत क्षेत्र में शाम ढलते ही कई गलियाें में अंधेरा पसरा है। वहां लगाई गई स्ट्रीट लाइटें कई दिनों से खराब पड़ी है। नगर पंचायत की ओर से कोई सुध नहीं लिए जाने के कारण लोगों के लिए अंधेरी गलियों से आवागमन करना मुश्किल बना हुआ है।
घनसाली और चमियाला नगर पंचायत क्षेत्र की कई गलियों में शाम ढ़लते ही आवागमन करना मुश्किल बना हुआ है। लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों के दीपावली के पर्व पर जगमग होने की उम्मीद थी। लेकिन बाजार में स्ट्रीट लाइटें कहां खराब है। नगर पंचायत इससे बेखबर है। सभासद अंजली बेदवाल ने बताया कि उनके वार्ड में पांच सोलर लाइटें खराब हैं।
घनसाली में वार्ड नंबर चार के सभासद विजय राणा ने बताया कि उनके वार्ड में आठ स्ट्रीट लाइटें खराब थी। उनमें से कुछ लाइटों को सुचारू कर दिया गया है। अन्य को भी जल्द ठीक कराया जाएगा। सभासद मोनिका सेमवाल और मनीषा ने बताया कि बरसात के दौरान उनके वार्ड में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई थी। उन्हें ठीक किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपावली का त्योहार आने को है लेकिन नगर पंचायत बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सुचारू नहीं कर पा रहा है। चमियाला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने सभी स्ट्रीट लाइटें ठीक होने का दावा किया है।
नगर पंचायत क्षेत्र में कितनी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है, इसकी जानकारी नहीं है। कहीं लाइटें खराब पड़ी है, तो सभासदों और स्थानीय लोगों को पालिका में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। कहीं से स्ट्रीट लाइट खराब होने की सूचना मिलती है, तो शीघ्र ही ठीक करा दी जाएगी।
– संजय कापड़ी, ईओ, नगर पंचायत घनसाली।
