ग्रीनफील्ड के पास लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात एक कंटेनर ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद बेकाबू होकर प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से जा भिड़ा। टक्कर में कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर उसे बाहर निकाला। हादसे में एक बाइक सवार भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है।
ग्रीनफील्ड चौकी इंचार्ज तोताराम ने बताया कि पुलिस को ईआरवी और डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी। प्लेसर इंडिया कंपनी रेलवे ट्रैक के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले मैकेनिकल इंजन बनाती है। हादसे के समय कंपनी के बाहर ट्रैक पर इंजन खड़ा था। फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी।