शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:85 करोड़ का हुआ कारोबार, खुशनुमा हुआ बाजार – Turnover Reached 85 Crore; Market Sentiment Turned Positive
पीलीभीत

Pilibhit News:85 करोड़ का हुआ कारोबार, खुशनुमा हुआ बाजार – Turnover Reached 85 Crore; Market Sentiment Turned Positive

November 9, 2026


पीलीभीत। दिवाली पर बाजार में खुशियों के साथ धनवर्षा भी हुई। खासकर अंतिम दो दिनों में बाजार में ग्राहकों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि पटाखे, मिठाई, मेवा और गिफ्ट पैक के कारोबार ने करीब दस करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया। दिवाली पर जिले का कुल कारोबार करीब 85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें सराफा, इलेक्ट्राॅनिक उपकरण, कपड़ा बाजार, बर्तन, सजावट का सामान, ऑटोमोबाइल सेक्टर आदि में ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की।

सराफा बाजार में इस बार सोने-चांदी पर गिरे दामों का असर खासतौर पर देखने को मिला। चांदी के दाम 1.90 लाख के अंदर होने के चलते लोगों ने धनतेरस से लेकर दिवाली तक जमकर खरीदारी की। चांदी का बजट रखने वालों ने चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश, पायलें आदि की जमकर खरीदारी की। वहीं सोने के दाम 1.50 लाख के अंदर होने के चलते लोगों ने लाइट वेट गोल्ड के आभूषण में गले की चेन, अगूंठी, गले का हार, हाथ के कंगन आदि की खरीदारी की। सराफा शोरूम पर दीपावली की शाम तक ग्राहकों की भीड़ रही। इससे कारोबार चमक उठा। कारोबारियों के अनुसार, दीपावली तक एक सप्ताह में करीब 15 करोड़ के कारोबार का जिलेभर में अनुमान है।

000

ऑटोमोबाइल सेक्टर में दस करोड़ की रफ्तार

धनतेरस पर वाहन खरीदने को काफी शुभ माना जाता है। जबकि धनतेरस से लेकर दीपावली तक लोगों ने शुभ मुहुर्त का पूरा लाभ उठाया। जिले में सात से आठ चार पहिया व लगभग 35 दो पहिया वाहनों की एजेंसियां हैं। धनतेरस के दिन से ही जिलेभर में वाहनों की खरीद शुरू हो गई। धनतेरस के दिन जिले में लगभग 35 चार पहिया व 150 से अधिक दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई। जबकि धनतेरस के बाद लगातार दो दिन तक अन्य वाहनों की खरीद से ऑटोमोबाइल सेक्टर का कारोबार दिवाली शाम तक थमने का नाम नहीं दिया। इससे जिलेभर में तीन दिन में दस करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

00

बर्तन बाजार में दस करोड़ से धनवर्षा

धनतेरस व दीपावली पर घरों में नए बर्तन लाने की पुरानी परंपरा है। आज भी लोग इस परंपरा को बखूबी निभाते हैं। पिछले एक सप्ताह से बर्तन बाजार पूरी तरह से गुलजार रहा। दुकानों पर भीड़ के चलते दिनभर बर्तनों की बिक्री हुई, वहीं धनतेरस से लेकर दीपावली तक यह कारोबार चमक उठा। पिछले एक सप्ताह में जिलेभर में बर्तन व तांबा, पीतल की एक से एक नई क्रॉकरी लेने की इस पुरानी परंपरा ने कारोबार की रफ्तार बनाए रखी। दिवाली शाम तक बर्तन कारोबारी आशीष अग्रवाल के अनुसार, कारोबार दस करोड़ तक पहुंच गया।

00

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार: छूट ने पहुंचाया 12 करोड़ का कारोबार

वैसे तो धनतेरस व दीपावली पर लोग अपने घर वाशिंग मशीन, साउंड सिस्टम, टीबी, ऑवन मशीन आदि की खरीददारी करते हैं, लेकिन आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए भी बाजार में कूलर, पंखा, एसी, फ्रिज की भी जमकर खरीददारी की। दीपावली पर इन सभी इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों पर छूट के चलते लोगों ने आने वाले सहालग की भी तैयारियां कर ली व आगामी सहालग में दान पुण्य के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण की भी खरीद की। कारोबारी साहिल साहनी ने बताया कि दिवाली शाम तक कारोबार लगभग 12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

00

दो दिन में धुंआ हो गए पांच करोड़ के पटाखे, मेवा, मिठाई भी पहुंची सात करोड़

धनतेरस से शहर के बड़े कन्फेक्शनरी पर एक से एक महंगे गिफ्ट आइटम सज कर लगाए गए। इसमें काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश सहित अन्य चीजों से गिफ्ट पैक किए गए। एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों ने जमकर गिफ्टों की खरीद की। वहीं शहर में मिष्ठान कारोबारियों के भी चेहरे खिले रहे। इसके अलावा शहर में लगी लगभग 250 पटाखों की दुकानों से भी पांच करोड़ के पटाखों की बिक्री। शहर के पटाखा कारोबारी योगेश ने बताया कि त्योहार का उत्साह लोगों को इतना रहा कि दिन में लगभग जिलेभर में पांच करोड़ का कारोबार हुआ। वहीं मिष्ठान कारोबारी मेवाराम ने बताया मिठाई का कारोबार करीब पांच करोड़ के पार हुआ।

00

सराफा कारोबार बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार अच्छा रहा, लोगों ने सस्ते हुए आभूषणों के दामों का फायदा उठाया उत्साह के साथ खरीदारी की। इससे जिलेभर में 15 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। कारोबारियों ने भी काफी मुनाफा कमाया। – रविंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन

00

इस बार जिले में चार पहिया खरीदने वालों की संख्या में इजाफा हुआ। यही वजह है कि ऑटोमोबाइल सेक्टर इस बार काफी अच्छा कारोबार किया, वहीं दो पहिया वाहनों की बिक्री भी हुई। ऑटोमोबाइल सेक्टर से मुनाफा भी कमाया। – शोभित गुप्ता, कारोबारी

शहर के सराफा बाजार में खरीददारी करते ग्राहक। संवाद

शहर के सराफा बाजार में खरीददारी करते ग्राहक। संवाद

शहर के सराफा बाजार में खरीददारी करते ग्राहक। संवाद

शहर के सराफा बाजार में खरीददारी करते ग्राहक। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X