शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sultanpur News:दोस्त ही निकला लूट का सूत्रधार, दिल्ली में रची थी साजिश – Friend Turns Out To Be The Mastermind Behind The Robbery; Plot Was Hatched In Delhi
सुल्तानपुर

Sultanpur News:दोस्त ही निकला लूट का सूत्रधार, दिल्ली में रची थी साजिश – Friend Turns Out To Be The Mastermind Behind The Robbery; Plot Was Hatched In Delhi

November 10, 2026


Friend turns out to be the mastermind behind the robbery; plot was hatched in Delhi.

 सराफा व्यवसायी से लूट के मामले में पकड़े गए आरोपी। स्रोत- पुलिस

सुल्तानपुर। चांदी कारोबारी हिमांचल मिश्रा के साथ बाइक पर गया उसका दोस्त ही लूट की साजिश का सूत्रधार निकला। उसने कारोबारी की गतिविधियों और रास्ते की रेकी कर साथियों को लोकेशन दी थी। पुलिस ने साजिश में शामिल लल्लन गिरी और राधेश्याम वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से सवा चार किलो चांदी, जेवर और अन्य सामान बरामद हुआ है। वारदात में शामिल पंजाब निवासी तीसरा आरोपी सुरजीत सिंह संधू फरार है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि धनपतगंज के सेवरा निवासी हिमांचल मिश्रा चार नवंबर को गांव के लल्लन गिरी के साथ चांदी के आभूषण बेचने निकले थे। बटपरवा टीकर मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने हिमांचल के सिर पर तमंचे की बट से वार किया और चांदी व आभूषणों से भरा बैग लूटकर भाग गए। एसपी के मुताबिक लल्लन घटना के बाद लगातार हिमांचल को पुलिस कार्रवाई से बचने और कोर्ट-कचहरी के चक्कर में न पड़ने की सलाह दे रहा था। पुलिस को उस पर शक होने पर पूछताछ में साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। उधर, चार नवंबर को वारदात के बाद पहुंची पुलिस करीब पांच घंटे तक घटना को मारपीट और मामूली विवाद बताती रही। पीड़ित लूट की बात पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने लूट की प्राथमिकी दर्ज की। इस रवैये से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं।

इनसेट

दिल्ली में बनी थी लूट की योजना

जांच में पता चला कि लल्लन और राधेश्याम दिल्ली में नौकरी करते थे। वहीं उनकी मुलाकात पंजाब निवासी सुरजीत से हुई थी। तीनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई। राधेश्याम ने सुरजीत को तमंचा उपलब्ध कराया, जबकि लल्लन ने हिमांचल की गतिविधियों पर नजर रखी और साथ बाइक पर जाकर साथियों को वारदात का सही समय बताया।

होटल में बांटा लूट का सामान

वारदात के बाद लल्लन हिमांचल के साथ ही रुका रहा। उधर, सुरजीत और राधेश्याम शहर के एक होटल में पहुंचे और लूटे गए सामान का बंटवारा कर लिया। राधेश्याम ने अपने हिस्से का सामान घर ले जाकर जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सामान बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X