शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:रंगोली और दीपों से जगमगाए परिषदीय विद्यालय – Council Schools Illuminated With Rangoli And Lamps
बलरामपुर

Balrampur News:रंगोली और दीपों से जगमगाए परिषदीय विद्यालय – Council Schools Illuminated With Rangoli And Lamps

November 10, 2026


बलरामपुर। दीपावली पर्व के अवसर पर जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में विविध सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तो कहीं दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय परिसर को रोशनी से सजाया। प्रतियोगिताओं और दीपोत्सव के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। बीएसए ने विद्यार्थियों से पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने और पटाखों से दूर रहने की अपील की।

प्राथमिक विद्यालय हृदय नगर में प्रधानाध्यापक सिद्ध नाथ पांडेय के निर्देशन में रंगोली और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने दीप, लक्ष्मी-गणेश, फूलों और शुभ दीपावली के संदेशों से सजी आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिता में अखंड प्रताप ने प्रथम, उमेश यादव ने द्वितीय और गुड़िया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दीपावली के महत्व, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें शत्रुघ्न यादव प्रथम, विपिन पासवान द्वितीय और विशाल तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाध्यापक ने विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ने के साथ ही सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति लगाव भी विकसित होता है।

वहीं, कंपोजिट विद्यालय बसावन बनकट में दीपावली की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापक वंशराज कनौजिया के निर्देशन में छात्राओं प्रतिभा, पिंका, वंदनी और गायत्री ने विद्यालय परिसर में दीप जलाकर उसे रोशनी से जगमगा दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही पटाखों और आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की अपील करते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपोत्सव मनाने पर जोर दिया।

जिले के अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी दीपावली के अवसर पर रंगोली, आलेखन, मेहंदी, दीप सज्जा और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों से उत्सव का माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा। साथ ही बच्चों को स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए दीपावली मनाने का संदेश भी दिया गया।

फोटो-24-बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय हृदयनगर में सजाई गई रंगोली।-स्रोत : विभाग

फोटो-24-बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय हृदयनगर में सजाई गई रंगोली।-स्रोत : विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X