शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:वरिष्ठ नागरिक सभा ने उठाई शहर में शौचालय और ई-रिक्शा की मांग – Expressed Gratitude For Getting The Hospital Lift Operational

November 10, 2026


-अस्पताल में लिफ्ट शुरू करवाने के लिए जताया आभार

-धर्माणी को शॉल और टोपी पहनाकर किया सम्मानित

संवाद न्यूज एजेंसी

घुमारवीं (बिलासपुर)। वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं के पदाधिकारियों ने प्रधान रूपलाल शर्मा की अध्यक्षता में दिवाली के अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभा के पदाधिकारियों ने मंत्री को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने घुमारवीं शहर में बन रही अस्पताल की पार्किंग के साथ सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि शहर में सार्वजनिक शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने अस्पताल आने वाले साथ ही बाजार में खरीदारी और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को इस समस्या से जूझना पड़ता है। विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन पार्किंग के साथ ही शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। इसके अलावा सभा ने घुमारवीं शहर में ई-रिक्शा सेवा शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में कई सरकारी कार्यालय मुख्य बाजार से दूर स्थित हैं। ऐसे में लोगों को अपने काम करवाने के लिए पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सभा ने बताया कि यह परेशानी विशेषकर बुजुर्गों के लिए अधिक रहती है। यदि शहर में ई-रिक्शा सेवा शुरू की जाती है तो वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और अन्य लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे लोगों को दूर स्थित कार्यालयों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी।

इस दौरान वरिष्ठ नागरिक सभा ने घुमारवीं शहर और आसपास के क्षेत्रों में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री का आभार भी जताया। सभा के सदस्यों ने नागरिक अस्पताल घुमारवीं में लिफ्ट की सुविधा शुरू करवाने के लिए विशेष रूप से धन्यवाद किया। धर्माणी ने मांगों के समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित मांगों पर विचार कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर सभा के महासचिव देवराज चंदेल, रामलाल शर्मा, अरविंद शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, मनमोहन भट्टी, सतीश चंदेल और होशियार सिंह चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X