Sambhal News:सिरसी रेलवे क्रॉसिंग पर भरे गड्ढे, बनेगी सीसी रोड – Potholes At Sirsi Railway Crossing Filled; Cc Road To Be Constructed
संभल। सिरसी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 12बी से मुख्य सड़क को जोड़ने वाले मार्ग को चौड़ीकरण के साथ बनाने की रेलवे ने तैयारी की है। साथ ही जनसूचना अधिकार के तहत समस्या उठाए जाने के बाद गड्ढे भरवाए गए हैं।
मार्ग की जर्जर हालत और गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन ई-रिक्शा पलटने और राहगीरों के चोटिल होने की शिकायतों के बाद जनसूचना अधिकार कार्यकर्ता सैयद गुलजार अहमद हाशमी ने रेलवे प्रशासन से शिकायत की। इसके बाद जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत इस संबंध में बिंदुवार जानकारी मांगी। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल प्रशासन ने समपार संख्या 12बी के पास ईंट और मलबे से गड्ढों को अस्थायी रूप से भरवाया। साथ ही रेलवे प्रशासन ने जनसूचना अधिकार के तहत दिए गए लिखित जवाब में बताया कि वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य), चंदौसी की ओर से 10 अक्तूबर और 3 नवंबर को गड्ढों की अस्थायी मरम्मत कराई गई। जवाब में यह भी बताया गया है कि इस मार्ग के चौड़ीकरण और पक्की सड़क निर्माण के लिए तैयार प्राथमिक प्राक्कलन की धनराशि 55 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी गई है। प्रस्ताव को रेलवे परियोजना स्वीकृति एवं प्रबंधन पोर्टल पर दर्ज कराया गया है। फिलहाल यह सक्षम प्राधिकारी से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया में है। सैयद गुलजार अहमद हाशमी ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों से लगातार संवाद करेंगे और 1.5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति दिलाने की पैरवी करेंगे।
