दीपावली की रात आतिशबाजी की खरीदारी को लेकर शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक जमकर मारपीट हुई। इस दौरान बेल्ट, कुर्सी और दुकान के स्टॉल सहित जो भी सामान हाथ लगा, उसी से एक-दूसरे पर हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दीपावली पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में आतिशबाजी की दुकानों और स्टॉलों की व्यवस्था कराई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपावली की रात आतिशबाजी की खरीदारी के दौरान कुछ युवकों और दुकानदारों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। युवक एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। इस दौरान मैदान में अफरा-तफरी मच गई। आतिशबाजी की दुकान लगाने पहुंचे दुकानदार भी इस दौरान असहाय नजर आए।