Mahoba News:सतरंगी रोशनी से नहाया जिला, दीपोत्सव को जुटी भीड़ – District Bathed In Multicolored Lights; Crowds Gather For The Festival Of Lamps (deepotsav)
महोबा। रोशनी का पर्व दिवाली रविवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त पर लोगों ने घरों व प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से गणेश लक्ष्मी की पूजा-आराधना कर खुशहाली की कामना की। शाम ढलते ही दीयों की रोशनी और आतिशी नजारों से धरती और आसमान जगमगा उठे। देर रात तक घरों के बाहर लोग पटाखे व फुलझड़ी जलाकर दिवाली के जश्न में डूबे रहे।
दिवाली पर सुबह से ही घरों को सजाने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। महिलाओं और किशोरियों ने घरों के दरवाजे पर आकर्षक रंगोली सजाई। शाम ढलते ही शुभमुहूर्त पर घरों व प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश का विधि-विधान से पूजन किया गया। शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर, छोटी चंद्रिका मंदिर, सिंहवाहिनी समेत सभी मंदिर दीपकों और झालरों की रोशनी से जगमग रहे। शाम से शुरू हुई आतिशबाजी देर रात तक चली। बच्चों ने अनारदाना, फुलझड़ी जलाकर खुशी मनाईं। वहीं कस्बा खरेला के श्रृंगीऋषि आश्रम में दीपदान कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दिवाली पर तीन करोड़ का हुआ पटाखा कारोबार
महोबा। दिवाली पर्व पर आतिशबाजी की बिक्री के लिए प्रशासन की ओर से अस्थायी लाइसेंस दिए गए। शहर के बाहर मोदी ग्राउंड में 40 से अधिक आतिशबाजी की दुकानें लगाई गईं। इसके अलावा कस्बा कुलपहाड़ व चरखारी में भी पटाखों की सजी दुकानों से जमकर बिक्री हुई। युवाओं ने दिल खोलकर खरीदारी की। करीब तीन करोड़ का पटाखा कारोबार हुआ। जिससे दिवाली का देर रात तक धूम-धड़ाका होता रहा। दिवाली पर पुलिसकर्मियों ने जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटी। सीओ सिटी रविकांत गोंड ने वृद्धाश्रम पहुंच पर्व की खुशियां मनाईं और अपने हाथों से सब्जी-पूड़ी परोसीं। वहीं एसपी शशांक सिंह ने बाल सेवा सदन पहुंच बच्चों को उपहार, फल, मिष्ठान, फुलझड़ी और पटाखा का वितरण किया।
मौन व्रत के साथ दिवाली नृत्य आज
दिवाली की परेवा को मौन व्रत के साथ दिवाली नृत्य के जगह-जगह आयोजन होंगे। शहर के शक्तिपीठ बड़ी चंद्रिका, सिंहवाहिनी, बड़े हनुमान मंदिर समेत सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न गांव से आने वाली दिवाली नृत्य की टीमें अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। जिसे देखने के लिए लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुटेगी। दिवाली नृत्य के दौरान बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों में भी जोश देखने को मिलेगा। बुंदेलखंड का दिवाली नृत्य यहां की प्रमुख लोक कला है।
नोट-इस खबर तीन से चार बेहतर फोटो एक घंटे बाद अंधेरा होने पर भेजी जाएंगी।

फोटो 08 एमएएचपी 18 परिचय-शहर के हवेली दरवाजा मार्ग पर दिवाली को लेकर घरोंं में की गई आकर्षक सजा
