Basti News:बलिदानियों की याद में 14 स्थानों पर जलाए गए दीप – Lamps Were Lit At 14 Locations In Memory Of The Martyrs
बस्ती। वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने के लिए सनातन धर्म संस्था की अगुवाई में ‘एक दीप बलिदानियों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत शहर के प्रमुख ऐतिहासिक, पौराणिक और स्मृति स्थलों पर साफ-सफाई के बाद दीप प्रज्वलित कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
संस्था की ओर से कई वर्षों से निरंतर आयोजित यह कार्यक्रम शहर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की अलख जगा रहा है। महाराणा प्रताप चौक पर दीप प्रज्ज्वलन के दौरान डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि ‘एक दीप बलिदानियों के नाम’ केवल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जीवन समर्पित करने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उनके त्याग और बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। कार्यक्रम संयोजक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराना है।
योगाचार्य राममोहन पाल ने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। सुभाष चंद्र बोस तिराहा, महाराणा प्रताप चौक, तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक, कारगिल शौर्य स्तंभ, महात्मा गांधी स्मारक, बीडीए परिसर, आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक, बड़ेवन, जीआईसी स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक, जिला अस्पताल स्थित डॉ. हैनिमैन स्मारक, टाउन क्लब, कलेक्ट्रेट के सामने शहीद स्तंभ, संत गाडगे स्मारक, पानी की टंकी चौराहा स्थित सरदार पटेल स्मारक, अमहट घाट, लाल बहादुर शास्त्री चौक, महात्मा कबीर स्मारक सहित विभिन्न स्थलों पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। संवाद
