वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर टिकट दिखाने में थोड़ी देर क्या हुई, महिला टीटीई सरिता वर्मा यात्री पर बरस पड़ीं। उन्होंने स्टाफ के सामने यात्री को अपमानित करते हुए कह दिया कि तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है। इतना ही नहीं, यात्री को अंगूठाछाप बताते हुए स्टेशन से बाहर निकल जाने के लिए भी कह दिया।
महिला टीटीई के इस व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया। झांसी रेल मंडल प्रशासन ने आरोपी महिला टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही टिकट चेकिंग और यात्रियों के सीधे संपर्क में रहने वाले कर्मचारियों को व्यवहार में सुधार लाने की हिदायत दी है।