छत्तीसगढ़:महिलाओं और बच्चों की मदद से ज्वेलरी दुकानों में करते थे चोरी, पुलिस ने गिरोह को दबोचा – Jewellery Shop Theft Gang Busted, 765 Grams Of Gold Recovered, 5 Accused Arrested
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों और एक विधि से संघर्षरत बालिका को पकड़ा है। उनके पास से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई की गई। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाली दुकानों में ध्यान भटकाकर चोरी करते थे। 07 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में चोरी हुई थी। महिलाओं के एक समूह ने दुकान में भीड़ लगाकर सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स चुरा लिया था। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और सायबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान हुई। नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने कोड़ेनार के पथरीली उड़वा गांव में छापेमारी की। आरोपी जंगल में छिपे थे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालिका को भी न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों से कुल 765.7 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किए गए। चोरी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
गिरोह का तरीका ए वारदात
यह गिरोह सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुरुष पहले दुकानों की रैकी करते थे। फिर महिलाएं और बच्चे भीड़ का फायदा उठाकर दुकानदारों का ध्यान भटकाते थे। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद पुरुष चोरी किए गए माल को छुपाने और खपाने का काम करते थे। मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
