Chandigarh News:डड्डूमाजरा में फॉर्च्यूनर तोड़ने और एक्टिवा जलाने के दो आरोपी गिरफ्तार – Two Accused Arrested For Damaging A Fortuner And Setting An Activa On Fire In Dadu Majra
सेक्टर-38ए निवासी साहिल और डड्डूमाजरा निवासी करण उर्फ बिल्ला के रूप में हुई आरोपियों की पहचान
– जेल में बंद लक्की के नाम से इंस्टाग्राम पर मिस यू भाई पोस्ट डालने पर शुरू हुआ था विवाद
– दूसरे पक्ष के समीर और बाजवा ने जताई थी आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। डड्डूमाजरा में फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ करने और एक्टिवा को आग लगाने के मामले में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-38ए निवासी साहिल और डड्डूमाजरा निवासी करण उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक करण बिल्ला के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य युवकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत दिवाली के दिन इंस्टाग्राम पर डाली गई एक पोस्ट से हुई थी। डड्डूमाजरा निवासी एक नाबालिग ने जेल में बंद मलोया निवासी लक्की के नाम से मिस यू भाई लिखकर पोस्ट साझा की थी। इस पर दूसरे पक्ष के समीर और बाजवा ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में सोशल मीडिया पर गाली-गलौज शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि लक्की और करण उर्फ बिल्ला के बीच भी पुरानी रंजिश है।
10 से 12 युवकों ने किया हमला
इसी रंजिश के चलते सोमवार रात समीर और बाजवा समेत 10 से 12 युवक डड्डूमाजरा पहुंचे और नाबालिग को घेर लिया। बेटे का फोन आने पर उसके पिता सुरेश मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी सुरेश की फॉर्च्यूनर पर ईंट-पत्थर बरसाकर शीशे समेत अन्य हिस्से तोड़ दिए। वहीं, मौके पर पहुंचे बिल्ला के साथी की एक्टिवा को भी आग लगा दी। हमले में सुरेश के सिर पर चोट आई थी। पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
कोट
पुलिस ने सुरेश के बयान पर मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।- धीरज कुमार, डीएसपी, साउथ वेस्ट चंडीगढ़
