शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महोबा

Mahoba News:सीबीएसई की 10वीं-12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं एक जनवरी से – Cbse Class 10 And 12 Practical Examinations To Begin From January 1

November 11, 2026


महोबा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध जिले के विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क व आंतरिक मूल्यांकन एक जनवरी से शुरू होंगे। बोर्ड के परीक्षा उप-नियमों के तहत विद्यालयों के लिए प्रयोगात्मक परीक्षा की समय सारिणी तय की गई है।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज की ओर से इसको लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड ने परीक्षाओं को निष्पक्षता और समयबद्धता से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर ही संपन्न कराया जाएगा, इसके अंक एक ही बार में दर्ज किए जाएंगे। जिले के सीबीएसई विद्यालयों में एक जनवरी से शुरू होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण, रसायन व प्रायोगिक सामग्री की व्यवस्था करना शुरू कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट कार्य और असेसमेंट को समय पर पूरा कराने में जुटे हैं।

ये हैं सख्त निर्देश

स्कूलों व परीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि पोर्टल पर अंक दर्ज करते समय पूरी सावधानी बरतें। एक बार अंक फाइनल होने के बाद बोर्ड किसी भी स्थिति में अंकों में संशोधन की अनुमति नहीं देगा। कक्षा 12वीं की प्रायोगिक परीक्षा सीबीएसई की ओर से नियुक्त बाह्य परीक्षकों की मौजूदगी में ही कराई जाएगी। परीक्षा के दौरान प्रयोगशाला में छात्रों, आंतरिक-बाह्य परीक्षकों और ऑब्जर्वर की उपस्थिति वाली जियो-टैग्ड व टाइम-टैग्ड ग्रुप फोटो एप से बोर्ड पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों की संख्या 30 से अधिक होने पर निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो से तीन सत्रों में आयोजित की जाएंगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X