शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बुलंदशहर

Bulandshahar News:चंद्रमणि हत्याकांड में आठ साल बाद फैसला, साक्ष्यों के अभाव में पांचों आरोपी बरी – Verdict In Chandramani Murder Case After Eight Years, All Five Accused Acquitted Due To Lack Of Evidence

November 11, 2026


बुलंदशहर। जनपद के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में वर्ष 2018 में हुए चंद्रमणि हत्याकांड में अदालत ने फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-2 ने करीब आठ साल तक चली लंबी सुनवाई के बाद पर्याप्त साक्ष्य और ठोस गवाहों के अभाव में नामजद पांचों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव हलपुरा निवासी चंद्रमणि की वर्ष 2018 में सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद मृतक के परिजन जयप्रकाश निवासी हलपुरा, थाना शिकारपुर ने सिकंदराबाद कोतवाली में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था।

इसके बाद अदालत में 19 अप्रैल 2018 से औपचारिक रूप से मामले का सत्र परीक्षण शुरू हुआ। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आरोप साबित करने के लिए गवाह और साक्ष्य पेश किए गए। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने नामजद आरोपी सोनू उर्फ राजकुमार शर्मा, प्रीति, हरीश कुमार, लोकेश और सोनू की पैरवी करते हुए दलील दी कि घटना में आरोपियों की संलिप्तता का कोई प्रत्यक्ष अथवा स्वतंत्र साक्ष्य पत्रावली पर मौजूद नहीं है। अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा।

अदालत ने दोनों पक्षों की अंतिम बहस सुनने के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था। न्यायाधीश ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का संज्ञान लेते हुए गत छह नवंबर को सभी पांचों आरोपियों को बरी करने का आदेश दिया। अदालत के फैसले के बाद आरोपियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X