Haridwar News:भैयादूज पर रुपये के लेनदेन को लेकर भिड़े दो पक्ष, पांच घायल – Two Groups Clash Over A Monetary Transaction; Five Injured
– किसान यूनियन का कार्ड बनवाने के लिए दिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहालकी किशनपुर में भैयादूज पर बहन की ससुराल पहुंचे युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट हो गई। विवाद में दोनों पक्षों के महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी बहादराबाद भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद निवासी जोगिंदर परिवार के साथ अपनी बहन की ससुराल रोहालकी किशनपुर गया था। बताया गया कि गांव निवासी शशि कपूर ने करीब तीन साल पहले किसान यूनियन का कार्ड बनवाने के लिए जोगिंदर को 700 रुपये दिए थे। कार्ड नहीं बनने पर शशि कपूर अपने रुपये वापस मांगने जोगिंदर की बहन की ससुराल पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच-बचाव के दौरान दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। सीओ देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
