Kushinagar News:मौसम के उतार-चढ़ाव से बढ़े मरीज, मेडिकल कॉलेज का जनरल वार्ड फुल – The Fluctuating Weather Has Increased The Number Of Patients, And The General Ward Of The Medical College Is Full
-मेडिकल कॉलेज में बुखार और सर्दी के पहुंच रहे मरीज
-सांस रोगियों की संख्या में हुई वृद्धि, जनरल वार्ड के बेड फुल
पडरौना। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। तापमान में बदलाव के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसका असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है। बुधवार को दोपहर 12 बजे तक 856 मरीजों ने इलाज के लिए पंजीकरण कराया था।
बड़ों के साथ किशोर और बच्चे भी बुखार की चपेट में आ रहे हैं। फिजिशियन और चेस्ट रोग विशेषज्ञों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग रही है। सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। सभी फिजिशियन के कक्षों में प्रतिदिन करीब 400 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
एमडी डॉ. तुषार कुमार तिवारी ने बताया कि इनमें लगभग 35 प्रतिशत मरीज ऐसे हैं, जिनकी सेहत पर मौसम में बदलाव का असर पड़ रहा है। सुबह और शाम के तापमान में अंतर होने के कारण लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि रात में पंखा या एसी चलाकर सोने से कमरे का तापमान कम हो जाता है। इससे लोगों की सेहत प्रभावित हो सकती है। बुजुर्गों में सांस लेने संबंधी परेशानी अधिक देखी जा रही है। सांस के मरीजों की संख्या बढ़ने से मेडिकल कॉलेज का जनरल वार्ड भी फुल हो गया है।
ऐसे करें बचाव
सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें।
ठंडे पानी और फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
घर और आसपास साफ-सफाई रखें। धूल और धुएं से बचें।
खांसते और छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिश्यू पेपर से ढकें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और पौष्टिक भोजन करें।
बुखार, सांस लेने में परेशानी या लगातार खांसी होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाओं का सेवन न करें।
