तिलहर। पोटरगंज स्थित पुरानी गल्ला मंडी में चल रही जनता रामलीला में बुधवार को रावण वध के बाद पुतला दहन हुआ। अयोध्या से आए कलाकारों ने श्रीराम-रावण युद्ध का मंचन किया। रावण वध के बाद पुतले का दहन होते ही भगवान राम के जयकारे गूंजने लगे। आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
रावण दहन के बाद लोग जले हुए पुतले की खपच्चियां लेकर घर लौटे। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। रात करीब आठ बजे भगवान राम की राजगद्दी निकाली गई। इसके बाद रामलीला के कलाकारों, सीओ विदुष सक्सेना, प्रभारी निरीक्षक प्रभात चंद्र समेत पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मेला संरक्षक देवेंद्र गुप्ता, मेला प्रभारी सौरभ गुप्ता उर्फ रवि, प्रबंधक कमलेश कुमार गुप्ता उर्फ पप्पू, अध्यक्ष नीरज गुप्ता और कोषाध्यक्ष निलेश चंद्र गुप्ता सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।