माउंटआबू-आबूरोड मार्ग पर गुरुवार को शनि मंदिर के पास पर्यटकों से भरी एक टेम्पो ट्रेवलर डिवाइडर से टकराकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में गुजरात के 6 पर्यटक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर आबूरोड सदर पुलिस थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को 108 एमबुलेस से बाहर निकालकर आबूरोड ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजकोट के पर्यटक माउंटआबू घूमकर टेम्पो ट्रेवलर से घर लौट रहे थे। गुरुवार सवेरे करीब 8 बजे शनि मंदिर के पास टेंपो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में 6 लोगों को चोटें आईं। इन्हें 108 एंबुलेस से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, तीन की मौत; स्टेपनी बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा
बेतरतीब पार्किंग से संकरा हो रहा मार्ग
गौरतलब है कि पर्यटन सीजन के चलते आबूरोड-माउंट आबू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। मार्ग पर कई स्थानों पर पर्यटक वाहन सड़क किनारे खड़े रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। मार्ग पर जगह जगह लंबा जाम लग जाता है। इस जाम में से निकलने के दौरान कई बार दोनों ओर के वाहन आमने सामने आ जाते है। इससे हमेशा हादसों का अंदेशा बना रहता है। बीते कल भी ऐसे ही एक मामले में दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। माउंटआबू शहर एवं इस सम्पूर्ण मार्ग पर जगह जगह वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े नजर आते है। ऐसे में प्रशासन के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल रही है।