ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह अपनी पत्नी बेकी के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों के बीच बहस होने की चर्चा है। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब कमिंस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की किताब में बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर किए गए दावों पर जवाब देने वाले हैं।
द ऑस्ट्रेलियन की ओर से बुधवार को प्रकाशित वीडियो फुटेज के मुताबिक, कमिंस और उनकी पत्नी बेकी को पास की एक प्रॉपर्टी में जाने से पहले बातचीत करते देखा गया। टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने कमिंस इस दौरान शांत नजर आए, जबकि उनकी पत्नी के हावभाव कुछ नाराजगी वाले दिखे। हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हुई और उनके बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।