शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महोबा

Mahoba News:ससुराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की ट्रक की टक्कर से मौत – A Young Man Riding A Motorcycle Back From His In-laws’ Home Died After Being Struck By A Truck

November 12, 2026


महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रैपुरा गांव के पास बुधवार की शाम ट्रक की टक्कर से ससुराल से घर लौट रहे बाइक सवार श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत 15 लोग घायल हो गए।

कस्बा कुलपहाड़ निवासी राम सिंह रैकवार (38) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। भाई दूज पर वह पत्नी ज्योति व तीन बच्चों को छोड़ने ससुराल थाना कबरई के शिवहार गांव गया था। देर शाम वह बाइक से लौट रहा था। रैपुरा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा जहां करीब एक घंटे बाद बड़े भाई खलक सिंह ने पहुंचकर उसकी शिनाख्त राम सिंह के रूप में की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था। कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ अवधेश कुमार मिश्रा का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।

वहीं थाना खरेला के कमलखेड़ा गांव निवासी अमरीश (21) बुधवार की सुबह बाइक से खेत जा रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में अमरीश घायल हो गया। इसी तरह कुलपहाड़ के विवेक, कमालपुरा के बृजमोहन, करहराकलां के धरम, भरवारा के मानकुंवर, दिदवारा के अभिषेक, गोविंदनगर के धरमवीर, पसवारा के कमलेश, स्वासामाफ के गंगाचरन, रामनगर के अनिल, रामकथा मार्ग निवासी अंजलि, छिकहरा के परमलाल, गोविंदनगर निवासी अंजलिदेवी, बिलवई निवासी देवरती (50) और खप्टिहाकलां निवासी विमलेश अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X