Indian Railways Train Delay Refund Rules: सफर करने के लिए भारतीय रेलवे को देश की जीवन रेखा माना जाता है, जिससे रोजाना लाखों लोग अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। कई बार कोहरे, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से ट्रेनें घंटों लेट हो जाती हैं, जिसके कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ता है और उनका पूरा प्लान खराब हो जाता है। इन दिनों देखा जाए तो कई त्योहारों वाले स्पेशन ट्रेन चल रही हैं, जो कई घंटे की देरी से चल रही हैं। ऐसी स्थिति में अक्सर लोग यह सोचते हैं कि उनका टिकट का पैसा डूब गया है और उन्हें कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि रेलवे के नियमों के अनुसार यदि आपकी ट्रेन निर्धारित समय से 3 घंटे या उससे अधिक लेट हो जाती है, तो आप अपने टिकट का पूरा पैसा वापस पा सकते हैं? इसके लिए रेलवे ने यात्रियों को विशेष अधिकार दिए हैं। आइए इस लेख में जानते हैं कि इस स्थिति में आपको रिफंड पाने के लिए क्या करना होगा।
टीडीआर फाइल करना क्यों जरूरी?
- अगर आपकी ट्रेन 3 घंटे या उससे अधिक लेट है और आप यात्रा नहीं करना चाहते हैं, तो आपको ट्रेन छूटने से पहले या यात्रा कैंसिल होने पर ऑनलाइन टीडीआर यानी टिकट डिपॉजिट रिसिप्ट फाइल करनी होगी।
- यह फॉर्म आईआरसीटीसी की वेबसाइट या एप पर जाकर आसानी से भरा जा सकता है।
- ये समझना जरूरी है कि अगर आप ट्रेन लेट होने के बाद भी यात्रा करते हैं तो आपको कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा।
- साथ ही ये भी जान लें कि ट्रेन छूटने के बाद टीडीआर फाइल करने पर भी आपको पैसा नहीं मिलेगा।
ऑनलाइन रिफंड कैसे मिलता है?
- आईआरसीटीसी पोर्टल के जरिए टीडीआर फाइल करने के बाद रेलवे आपके दावों की ऑनलाइन जांच करता है।
- अगर ट्रेन के 3 घंटे से ज्यादा लेट होने का कारण सही पाया जाता है, तो रेलवे बिना किसी कटौती के पूरा पैसा सीधे आपके उसी बैंक खाते या यूपीआई में वापस भेज देता है।
काउंटर टिकट पर क्या नियम?
- अगर आपने रेलवे स्टेशन के खिड़की यानी काउंटर से रिजर्वेशन टिकट खरीदा है, तो ऑनलाइन टीडीआर काम नहीं आएगा।
- ऐसे मामलों में आपको ट्रेन के प्रस्थान समय से पहले या तय सीमा के भीतर उसी स्टेशन के काउंटर पर जाकर टीडीआर फॉर्म भरकर जमा करना होता है, जिससे नकद रिफंड मिल सके।
रिफंड न मिलने पर क्या करें?
- कई बार रेलवे द्वारा समय पर रिफंड न मिलने या किसी तकनीकी त्रुटि के कारण आवेदन अटकने की समस्या आ सकती है।
- ऐसी स्थिति में आपको घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि आप आईआरसीटीसी के आधिकारिक कस्टमर केयर या रेल मदद पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर अपना पैसा वापस ले सकते हैं।