Chandauli News:कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, तीन घायल – Motorcyclist Killed, Three Others Injured After Being Hit By A Car
पिसावां। बुधवार शाम नेवादा गांव के पास कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
इमलिया सुल्तानपुर के चंदनपारा पिपरी गांव निवासी अनंतराम (30) दो दिन पहले पत्नी पिंकी के साथ भाई दूज मनाने के लिए इलाके के मूड़ाखुर्द गांव स्थित अपनी ससुराल आए थे। बुधवार को वह अपने साले के साथ पिसावां बाजार में मिठाई बेचने गए थे। दुकान बंद करने के बाद देर शाम वह मूड़ाखुर्द लौट रहे थे।
दो बाइकों पर उनके साथ रामू (30), हरिओम (20) और जालेंद्र (18) भी थे। नेवादा गांव के पास मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में दोनों बाइकें आ गईं। हादसे में अनंतराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत भाग गया। घटनास्थल पर कार की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली, जिसे परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों के अनुसार बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं थे। अनंतराम के परिवार में पत्नी पिंकी और तीन वर्षीय बेटा संगम है। सीओ नागेंद्र ने बताया कि नंबर प्लेट के आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
