Haridwar News:छेड़खानी के विरोध पर युवती और तीन भाइयों को पीटा – Young Woman And Her Three Brothers Beaten For Protesting Against Molestation
– पथरी थाना क्षेत्र का मामला, महिला समेत नौ लोगों के खिलाफ दी तहरीर
पथरी। थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर युवती और उसके तीन भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने 17 वर्षीय युवती के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उसे जबरन खींचने का प्रयास किया। युवती की चीख-पुकार सुनकर बचाव में पहुंचे उसके भाइयों पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में युवती समेत चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव के एक ग्रामीण की 17 वर्षीय बेटी से कुछ युवकों ने छेड़खानी की। युवती के विरोध करने पर युवकों ने उसका हाथ पकड़कर उसे खींचने का प्रयास किया। शोर सुनकर उसके भाई मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस पर युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। चारों को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने फेरुपुर पुलिस चौकी पहुंचकर महिला समेत नौ लोगों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि सूचना पर चेतक पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। घायलों का मेडिकल कराया गया है। अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
