Chandigarh News:अवनी, निवान, वाणी और वाद्या ने जीते स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप के खिताब – Avani, Nivan, Vani, And Vadya Won State Table Tennis Championship Titles
चंडीगढ़। सेक्टर-50 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 39वीं यूटीटी चंडीगढ़ स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से गुरुकुल ग्लोबल स्कूल, आईटी पार्क के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-13 और अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अवनी गुप्ता, निवान सैनी, वाणी शर्मा और वाद्या चावला ने अपने-अपने वर्ग में खिताब हासिल किए। अंडर-13 लड़कियों के फाइनल में गुरुकुल ग्लोबल स्कूल की अवनी गुप्ता ने अपनी ही स्कूल की त्रिशी खुराना को 3-1 से हराकर खिताब जीता। अवनी ने मुकाबला 11-8, 7-11, 11-8 और 11-5 से अपने नाम किया। वहीं अंडर-13 लड़कों के फाइनल में स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाई स्कूल के निवान सैनी ने गुरुकुल ग्लोबल स्कूल के दिवित को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। निवान ने निर्णायक गेम में 12-10 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 लड़कियों के फाइनल में सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वाणी शर्मा ने दिल्ली पब्लिक स्कूल की शेरिल को 3-1 से हराया। वाणी ने 9-11, 11-3, 12-10 और 11-3 से मुकाबला जीता। अंडर-17 लड़कों के फाइनल में सेंट ऐनीज कॉन्वेंट स्कूल के वाद्या चावला ने डीएवी पब्लिक स्कूल के अंकुश कुमार को सीधे गेमों में 3-0 से पराजित किया। वाद्या ने 11-7, 13-11 और 13-11 से जीत दर्ज कर चैंपियन बने।
