शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambedkar Nagar News:पिता के सामने कार की चपेट में आई मासूम, मौत – Young Child Struck By A Car In Front Of Her Father; Dies
अंबेडकर नगर

Ambedkar Nagar News:पिता के सामने कार की चपेट में आई मासूम, मौत – Young Child Struck By A Car In Front Of Her Father; Dies

November 13, 2026


Young child struck by a car in front of her father; dies

सीएचसी बसखारी के बाहर मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद रोते बिलखते परिजन व अन्य। संवाद

बसखारी (अंबेडकरनगर)। अंबेडकरनगर-आजमगढ़ (एनएच-233) हाईवे पर शुकुलबाजार कसदहां के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से छह साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्ची अपने पिता के साथ हाईवे पार कर रही थी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर गांव चले गए।

पुलिस के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के माधवपुर निवासी अनिरुद्ध हरियाणा के फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। वह बृहस्पतिवार को पत्नी और दो बेटियों के साथ घर लौट रहे थे। आजमगढ़ से रोडवेज बस में सवार होकर परिवार शुकुलबाजार कसदहां के पास उतरा। इसके बाद अनिरुद्ध परिवार के साथ सामान लेने के लिए हाईवे पार करने लगे। इसी दौरान उनकी छह वर्षीय बेटी अनुष्का पीछे दौड़ पड़ी। तभी आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे में अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी बसखारी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता बदहवास हो गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन पिता ने इन्कार कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए।

सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक ने दम तोड़ा

सद्दरपुर। भीटी के बहरिया गांव के पास मंगलवार को दो बाइकों की भिड़ंत में घायल अनुराग (19) की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। बनगांव निवासी श्रवण कुमार के अनुसार, 10 नवंबर को उनके चचेरे भाई अनुराग गांव के रामधनी के साथ बाइक से रामपुर गिरंट मेला देखने गए थे। इसी दौरान वह किसी काम से बाइक लेकर निकले थे। रामपुर गिरंट-उमरावा मार्ग पर बहरिया गांव के पास शाम करीब 6:30 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ ट्राॅमा सेंटर से गांव लाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। अनुराग की शादी वर्ष 2025 में अयोध्या के सोहावल निवासी ऊषा से हुई थी। उनका तीन माह का बेटा है। पति की मौत से पत्नी ऊषा और मां विफना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुन्नीलाल और बहनें कोमल व निर्मला भी सदमे में हैं। सीओ भीटी लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X