विश्व मधुमेह दिवस:डायबिटीज के शुरुआती लक्षण जिन्हें अक्सर लोग समझ लेते हैं सामान्य परेशानी – Early Signs Of Diabetes: Symptoms People Often Mistake For Common Health Problems
डायबिटीज होने पर शरीर में ब्लड शुगर यानी ग्लूकोज का स्तर बढ़ने लगता है। इसके कुछ सामान्य शुरुआती लक्षण इस प्रकार हैं:
1. बार-बार पेशाब आना
ब्लड शुगर बढ़ने पर किडनी अतिरिक्त ग्लूकोज को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करती है। इससे बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। रात में कई बार पेशाब के लिए उठना भी इसका संकेत हो सकता है।
2. बहुत ज्यादा प्यास लगना
बार-बार पेशाब आने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसके कारण व्यक्ति को बार-बार प्यास लगती है और पानी पीने के बाद भी मुंह सूखा महसूस हो सकता है।
3. अचानक वजन कम होना
बिना डाइटिंग या एक्सरसाइज के वजन कम होना डायबिटीज का संभावित लक्षण है। जब शरीर ग्लूकोज का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता, तो ऊर्जा के लिए फैट और मांसपेशियों का उपयोग करने लगता है।
4. हर समय थकान महसूस होना
पर्याप्त नींद लेने के बावजूद थकान और कमजोरी महसूस होना हाई ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर की कोशिकाओं को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती।
5. बार-बार भूख लगना
डायबिटीज में इंसुलिन की कमी या उसके सही तरीके से काम न करने के कारण शरीर ग्लूकोज का इस्तेमाल ठीक से नहीं कर पाता। इससे व्यक्ति को बार-बार भूख लग सकती है।
6. आंखों से धुंधला दिखाई देना
ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने से आंखों के लेंस में बदलाव हो सकता है। इसके कारण धुंधला दिखाई देने की समस्या हो सकती है।
7. घाव भरने में देरी
डायबिटीज में ब्लड सर्कुलेशन और शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे चोट या घाव भरने में सामान्य से ज्यादा समय लग सकता है।
8. बार-बार इंफेक्शन होना
त्वचा, मसूड़ों, यूरिनरी ट्रैक्ट और फंगल इंफेक्शन बार-बार होना भी डायबिटीज से जुड़ा हो सकता है।
