जोधपुर:उम्मेद अस्पताल की महिला रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हॉस्टल के कमरे में मिलीं अचेत – Jodhpur Umaid Hospital Female Resident Doctor Nikki Chaudhary Death Mdm Hospital
राजस्थान के जोधपुर में उम्मेद अस्पताल में तैनात महिला रेजिडेंट डॉक्टर निक्की चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह हॉस्टल स्थित अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिली थीं। जानकारी मिलने पर साथी चिकित्सक और अस्पताल कर्मचारी उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टर के कमरे को सील कर दिया है।
सुबह से खराब थी तबीयत, उल्टी-दस्त की थी शिकायत
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि निक्की चौधरी परास्नातक (पीजी) प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। उनकी तबीयत गुरुवार सुबह से ही काफी खराब थी। उन्हें लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत हो रही थी। इसी परेशानी के चलते वह बुधवार को भी अवकाश पर थीं।
गुरुवार सुबह से ही वह हॉस्टल स्थित अपने कमरे में आराम कर रही थीं। शाम को जब उनके साथी चिकित्सकों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो निक्की अचेत अवस्था में पड़ी थीं। साथी चिकित्सक और कर्मचारी उन्हें तत्काल एमडीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे, कमरा किया सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित और डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली।
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना और महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी भी सीधे हॉस्टल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और निक्की चौधरी के कमरे को पूरी तरह सील करवा दिया। फिलहाल महिला रेजिडेंट डॉक्टर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
