शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अलवर:पटाखे से झुलसी मासूम की आंखें, सफदरजंग में सफल ऑपरेशन से बची रोशनी – Alwar Child Firecracker Gunpowder Blast Safdarjung Hospital Successful Eye Surgery
अलवर

अलवर:पटाखे से झुलसी मासूम की आंखें, सफदरजंग में सफल ऑपरेशन से बची रोशनी – Alwar Child Firecracker Gunpowder Blast Safdarjung Hospital Successful Eye Surgery

November 13, 2026


Alwar Child Firecracker Gunpowder Blast Safdarjung Hospital Successful Eye Surgery

सफदरजंग अस्पताल

विस्तार

पटाखे के बारूद में हुए विस्फोट से 90 प्रतिशत तक झुलसी आंखों वाले 12 वर्षीय मासूम दिलखुश यादव की दृष्टि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हुए सफल ऑपरेशन के बाद बच गई है। अलवर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्चे को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया था। इसके बाद स्थानीय नागरिकों की मदद और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रयासों से बच्चे को समय पर इलाज मिल सका। अब शल्य चिकित्सा सफल होने के बाद मां और बच्चे के चेहरे पर खुशी है।

पटाखे के बारूद से हुआ दर्दनाक हादसा

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में रहने वाला 12 वर्षीय दिलखुश यादव अपने घर के बाहर पटाखे से बारूद निकालकर खेल रहा था। उसी समय अचानक बारूद में तीव्र विस्फोट हो गया। इस हादसे में बच्चे की दोनों आंखों के आसपास का 90 प्रतिशत हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। घटना के तुरंत बाद पड़ोसी युवक रुद्र कपूर ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चे को अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की आंखों का कॉर्निया और नाजुक हिस्सा 90 प्रतिशत तक झुलस चुका है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते बर्न और आंख विशेषज्ञों से इलाज नहीं कराया गया, तो मासूम की देखने की क्षमता हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।

आर्थिक तंगी के बीच स्थानीय लोगों ने की मदद

अस्पताल परिसर में बच्चे की मां रो-रोकर लोगों से मदद की गुहार लगा रही थी। बच्चे के पिता संतोष यादव बिहार राज्य के सुपौल जिले के निवासी हैं और अलवर की प्याज मंडी में मजदूरी करते हैं। हादसे के समय वे काम पर गए हुए थे और उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं था। असहाय मां के पास बच्चे को जयपुर या दिल्ली ले जाने के लिए निजी वाहन या एम्बुलेंस का किराया तक नहीं था। जब यह बात आम लोगों तक पहुंची तो कुलदीप कालरा सहित अलवर के कई नागरिक सहायता के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने निजी एम्बुलेंस का प्रबंध कर बच्चे को तुरंत इलाज के लिए दिल्ली भिजवाया।

दिल्ली में मंत्री के प्रयास से मिला इलाज

दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के हस्तक्षेप और प्रयासों से मासूम दिलखुश को सफदरजंग अस्पताल में तुरंत भर्ती कराया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चे का सफल ऑपरेशन किया। सफल शल्य चिकित्सा के बाद मासूम की आंखों की रोशनी सुरक्षित कर ली गई है। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला दिलखुश अब पूरी तरह से खतरे से बाहर है और आगामी एक-दो दिनों में दिल्ली से वापस अलवर लौट आएगा। इस सफल इलाज के बाद परिवार के सदस्यों और मदद करने वाले नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X