Bageshwar News:कांडा में नारद मोह के साथ रामलीला का आगाज, भराड़ी और किड़ई में ताड़का वध के रोमांच से गूंजे पंडाल – Ramleela Commenced In Kanda With The Episode Of ‘narad Moh’ (the Delusion Of Narad), While The Venues In Bharadi And Kidai Resonated With The Excitement Of The ‘tadka Vadh’ (the Slaying Of The Demoness Tadka)
बागेश्वर। पर्वतीय अंचल में सर्द रातों के बीच मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और लीलाओं की गूंज सुनाई देने लगी है। जिले के विभिन्न हिस्सों में आयोजित हो रही रामलीलाओं में संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बुधवार की रात कांडा में जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ, भराड़ी और किड़ई-पचार के मंचों पर राक्षसी ताड़का और सुबाहु के वध ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कांडा में बुधवार की रात पारंपरिक उत्साह के साथ रामलीला मंचन का आगाज हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हीरा सिंह कर्म्याल और विशिष्ट अतिथि उक्रांद नेता वरुण चंदोला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। पहले दिन कलाकारों ने नारद मोह और रावण के अत्याचारों से जुड़े प्रसंगों का सजीव मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगीली नाकुरी के बीसी जोशी स्टेडियम किड़ई में आयोजित रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि योगेश हरड़िया ने मंचन का शुभारंभ किया। इसके बाद मंच पर ताड़का, मारीच और सुबाहु वध के साथ-साथ अशोक वाटिका के प्रसंगों का मंचन हुआ। ताड़का की दमदार भूमिका में कलाकार चंद्रशेखर पांडेय ने अपने अभिनय से दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का संचालन कैलाश पांडेय और धन सिंह बाफिला ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संरक्षक बलवंत सिंह भौर्याल, कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र राठौर, व्यवस्थापक टेक चंद्र पांडेय, चंद्र सिंह चौहान, मदन पांडेय, शेखर पांडेय, भुवन पांडेय, किशोर पांडेय और गोकुल पांडेय सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
ताड़का वध से लेकर गौरी पूजन तक की लीला ने मोहा मन
कपकोट(बागेश्वर)। मां बाराही रामलीला कमेटी भराड़ी के मंच पर ताड़का वध, सुबाहु वध और गौरी पूजन के प्रसंगों का बेहद रोमांचक मंचन किया गया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी ने अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया, जबकि संचालन डॉ. हरीश ऐठानी ने किया।
इस दौरान डायरेक्टर गिरीश चंद्र मिश्रा, व्यवस्थापक किशन सिंह, प्रवीण सिंह, कोषाध्यक्ष भूपेश ऐठानी, दीवान सिंह ऐठानी, राजेश मेहता और भुवन गड़िया आदि पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। देर रात तक चले मंचन में जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
