Kaushambi News:दारानगर-कड़ाधाम में 93.43 लाख से होंगे 19 विकास कार्य – 19 Development Projects Worth 93.43 Lakh To Be Undertaken In Daranagar-kadadham
नगर पंचायत दारानगर-कड़ाधाम में ‘आकांक्षी नगर योजना’ के तहत 93.43 लाख रुपये की लागत से 19 विकास कार्य कराए जाएंगे।
इनमें विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली निर्माण और प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से कई मोहल्लों में आवागमन सुगम होने के साथ ही जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड-1 (तिलक नगर) में बब्बू मौर्य के घर से भवरियों बाबा मंदिर तक सीसी रोड और नाली बनाई जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय से राजनारायण की बगिया और उदय नारायण के घर से राजनारायण के घर तक आरसीसी नाली का निर्माण होगा।
वार्ड-2 (सरदार वल्लभभाई पटेल नगर) में नवनिर्मित पार्क से सामुदायिक भवन तक सड़क और नाली बनाई जाएगी। नज्जू का पुरा और बक्शी का पुरा स्थित विद्यालयों के पास सात मीटर ऊंचे सिंगल आर्म पोल पर 45 वॉट की लाइटें लगाई जाएंगी।
वार्ड-4 (लाल बहादुर शास्त्री नगर) में राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल से डामर रोड तक सीसी रोड और नाली बनेगी। वार्ड-6 (स्वामी विवेकानंद नगर) में राजू सरोज के घर से अल्लीपुर जीता रोड तक और गोपी पटेल के घर से संजय पटेल के घर तक नाली निर्माण कराया जाएगा।
वार्ड-7 (आंबेडकर नगर) में डामर रोड से एमआरएफ सेंटर तक सीसी रोड व नाली तथा रामराज सरोज के घर से तालाब तक नाली बनाई जाएगी।
