शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:चाची से प्रेम प्रसंग के चलते भतीजे ने की थी चाचा की हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार – Nephew Murdered Uncle Over An Affair With His Aunt; Two Brothers Arrested

November 13, 2026


सहारनपुर। सरसावा पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर राजू हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। आरोपी भतीजे शुभम ने अपने सगे भाई रजत के साथ मिलकर चाचा राजू के सिर में लोहे की रॉड से वार कर मौत के घाट उतारा था। हत्या की वजह मृतक की पत्नी और शुभम के बीच करीब साढ़े तीन साल से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।

बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि नौ नवंबर को थाना सरसावा क्षेत्र में हैदरपुर-भिक्कनपुर जाने वाले रास्ते पर चिलकाना के गांव चौरीमंडी निवासी राजू का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई थी। चोट के कारण हत्या होने की बात सामने आई। इसके बाद घटना का खुलासा करने के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई। आसपास के कैमरे खंगाले गए, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जांच में आया कि राजू हत्याकांड में उसके रिश्ते के भतीजे शुभम और रजत की भूमिका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित सरसावा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मृतक राजू के कपड़े, पर्स और पहचान से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं।

————

— इसलिए दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में आया कि मृतक राजू की पत्नी और शुभम के बीच करीब साढ़े तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजू ने कई बार इस पर आपत्ति जताई। इसी कारण शुभम अपने चाचा से रंजिश रखने लगा था। शुभम को लगता था कि जब तक राजू उसके रास्ते से नहीं हटेगा, तब तक उसके और राजू की पत्नी के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ पाएगी। इसी के चलते उसने राजू की हत्या करने का प्लान बनाया।

पूछताछ में आरोपी शुभम ने बताया कि नौ नवंबर की रात चाचा को फोन कर खेत में बुलाया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद शुभम ने अपने साथ लाई लोहे की रॉड से राजू के सिर में वार कर दिया था। चोट लगने से राजू बेहोश होकर गिर गया था। हालांकि, उस समय उसकी सांस चल रही थी। राजू की हालत देखकर शुभम घबरा गया था। उसने अपने सगे भाई रजत को फोन कर बुलाया। इसके दोनों बाइक पर बैठाकर राजू को गांव भिक्कनपुर-हैदरपुर जाने रास्ते पर बंधे के पास फेंक दिया। बाद में राजू की मौत हुई।

———–

— महिला की संलिप्तता नहीं आई सामने

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि अभी तक की प्रारंभिक जांच महिला की संलिप्तता के सीधे साक्ष्य नहीं मिले हैं। आरोपियों से पूछताछ में महिला को शुभम ने हत्या की योजना के बारे में जानकारी नहीं दी। हालांकि, अभी जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X