पन्ना:खूंखार भालू से आधे घंटे तक भिड़ता रहा चरवाहा, बहादुरी से बचाई जान; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती – Shepherd Fights Fierce Bear For 30 Minutes In Panna, Bravely Saves His Life; Seriously Injured
पन्ना जिले के मुट्वाकला में एक चरवाहे की बहादुरी और जिंदगी बचाने के संघर्ष की कहानी सामने आई है। यहां जंगल में भैंसें चरा रहे 50 वर्षीय चरवाहे पर अचानक एक खूंखार भालू ने हमला कर दिया। जानलेवा हमले के बावजूद चरवाहे ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान बचाने के लिए भालू से करीब आधे घंटे तक मुकाबला करता रहा। इस दौरान दोनों के बीच जिंदगी और मौत की जंग चलती रही। आखिरकार चरवाहे के संघर्ष के बाद भालू वहां से भाग निकला। हालांकि इस हमले में चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना पन्ना जिले की ग्राम पंचायत मुट्वाकला के अंतर्गत आने वाले गदरा हार के जंगल की है। 50 वर्षीय देवी सिंह यादव पिता भल्लू यादव रोज की तरह अपनी भैंसों को चराने जंगल गए हुए थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आए एक हिंसक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने देवी सिंह को संभलने तक का मौका नहीं दिया, लेकिन अपनी जान खतरे में देखकर उन्होंने हिम्मत दिखाई और भालू का डटकर सामना किया। करीब आधे घंटे तक चले इस संघर्ष में भालू ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
ये भी पढ़ें- पशुपालक सम्मेलन: सीएम मोहन यादव ने ग्वालियर में पशुपालकों को बांटे 382 करोड़ रुपये, पशुपालकों पर बरसाए फूल
गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
भालू के हमले में देवी सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में वह किसी तरह जंगल से निकलकर सड़क के पास पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उनकी हालत देखकर परिजनों और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल पन्ना जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उन्हें आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
ड्यूटी डॉक्टर राहुल यादव के मुताबिक, भालू के हमले में घायल देवी सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल में मवेशी चराने जाने वाले लोगों में जंगली जानवरों के हमले को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
फिलहाल देवी सिंह यादव का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, आधे घंटे तक खूंखार भालू से मुकाबला कर अपनी जान बचाने वाले चरवाहे की बहादुरी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
